Bihar

Mar 27 2023, 18:38

बीजेपी के नये प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी का हुआ भव्य स्वागत, पार्टी कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में सम्राट चौधरी ने किया यह एलान

डेस्क : बीजेपी के नये प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी दिल्ली में केन्द्रीय नेतृत्व से मुलाकात करने के बाद आज पटना पहुंचे। पटना पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत हुआ। उनके स्वागत में पटना में भव्य रोड शो किया गया। पटना हवाई अड्डा से लेकर प्रदेश कार्यालय तक सम्राट चौधरी के रोड-शो में हजारो भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। 

वहीं पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में निर्वतमान प्रदेश अध्यक्ष डॉ। संजय जायसवाल, पूर्व अध्यक्ष सह केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्य़ंद राय, विजय सिन्हा, रविशंकर प्रसाद, सीपी ठाकुर, नंदकिशोर यादव समेत हजारो कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों ने नए अध्यक्ष सम्राट चौधरी को शुभकामनाएं दी। 

इस मौके पर बीजेपी के नए अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने अपने नेताओं-कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मंच पर बैठे सभी पूर्व प्रदेश अध्यक्षों को धन्यवाद देता हूं। साथ ही राष्ट्रीय नेतृत्व का इस जिम्मेदारी के लिए आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने संजय जयसवाल को विशेष तौर पर धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने 3 वर्ष से अधिक समय के कार्यकाल में भाजपा को शीर्ष पर पहुंचाने का काम किया है।हमें पूर्ण आशा व विश्वास है कि पूरी टीम हमारा मार्गदर्शन करेगी। नेतृत्व का भी मार्गदर्शन मिलता रहेगा।

उन्होंने आगे कहा कि लक्ष्य बड़ा स्पष्ट है। अमित शाह, नरेंद्र मोदी और नड्डा जी को हम आश्वस्त करते हैं कि बिहार में सिर्फ भाजपा दिखेगी। उन्होंने कहा कि मैं तो उस परिवार से आता हूं, मेरे पिताजी कांग्रेस के विधायक हुआ करते थे। उन्हें विरोधी दल का नेता भी नहीं बनाया गया, प्रदेश अध्यक्ष भी नहीं बनाया। मैं तो धन्य हूं। पार्टी के अंदर हमें सम्मान दिया गया। पहले विधान परिषद में नेता विरोधी दल बनाया फिर प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। 

सम्राट चौधरी ने कहा कि समता पार्टी को नीतीश कुमार ने नहीं बनाया। मेरे पिताजी (शकुनी चौधरी) ने समता पार्टी बनाई थी और नीतीश कुमार ने अवैध कब्जा कर लिया। उस अवैध कब्जा को उखाड़ कर फेंक देंगे। नीतीश कुमार जी अब तो आपका नाम भी लेने में शर्म आती है। ऐसे व्यक्ति के नेतृत्व में बिहार है। अब तो बुजुर्ग भी हो गए हैं। अब तो आग्रह करेंगे कि चलिए कल्याण बिगहा, वहां पर हम लोग कुटिया बनवा देंगे। भाजपा कार्यकर्ता उनका कुटिया बना देंगे। मैं लोगों के बीच में कहता हूं कि बिहार में नीतीश कुमार को हटा दीजिए और भाजपा के किसी मंडल अध्यक्ष को ही मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी दे दें। वह नीतीश कुमार से अच्छा काम करेगा।

Bihar

Mar 27 2023, 12:40

बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव बने पिता, ट्वीट कर लिखा, ईश्वर ने आनंदित होकर पुत्री रत्न के रूप में उपहार भेजा


बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव पिता बन गए है। उन्होंने ट्वीट कर यह बड़ी जानकारी दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि ईश्वर ने आनंदित होकर पुत्री रत्न के रूप में उपहार भेजा है।

इसके बाद राबड़ी देवी दादी और राजद सुप्रीमो लालू यादव दादा बन गए है। बता दें कि इस खबर के आने के बाद राजद में सब खुश है। मालूम हो कि दिल्ली के अस्पताल में बच्ची का जन्म हुआ है।

वहां राबड़ी देवी और माीसा भारती मौजूद है। बताया जा रहा है कि थोड़ी देर में वहां तेज प्रताप यादव भी पहुंचेगे। वहीं इस खबर के मिलने के बाद उनके समर्थकों में हर्ष का माहौल है।

Bihar

Mar 27 2023, 11:53

बिहार विधान सभा पहुंचा राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म किए जाने का मामला, काले कपड़े और काली पट्टी बांध महागठबंधन के नेताओं जताया विरोध

डेस्क : राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म किए जाने का कांग्रेस के साथ-साथ पूरे विपक्ष द्वारा विरोध किया जा रहा है। अब इसकी धमक बिहार विधान सभा तक पहुंच गई है। आज महागठबंधन में शामिल सभी के नेता काले कपड़े और काली पट्टी बांधकर विधान सभा परिसर पहुंचे। 

जिसमें राजद, कांग्रेस के साथ जदयू के विधायक मौजूद थे। सभी काले कपड़े या काली पट्टी लगाकर विधानसभा परिसर पहुंचे और विधान सभा के गेट पर जमकर विरोध जताया। इस दौरान प्रदर्शन में शामिल महागठबंधन के महिला विधयाकों ने केन्द्र के मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।  

प्रदर्शन में शामिल भागलपुर विधायक अजीत शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी के साथ जो हुआ वह कहीं से भी सही नहीं कहा जा सकता है। नरेंद्र मोदी की सरकार विपक्षी सांसदों की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है।

अजीत शर्मा ने कहा कि हम कानून के फैसले का सम्मान करते हैं। लेकिन यहां बात संसद की सदस्यता को खत्म करने को लेकर है। जिसका विरोध किया जा रहा है। उनका कहना था कि राहुल गांधी के खिलाफ की गई कार्रवाई रद्द की जाए, साथ ही उनकी सदस्यता फिर से बहाल की जाए।

Bihar

Mar 27 2023, 10:10

नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश के स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठाए सवाल, स्वास्थ्य विभाग के मिशन-60 भाग-2 जल्द लांच करने के एलान को बताया हास्यास्पद

डेस्क : स्वास्थ्य विभाग के द्वारा मिशन-60 भाग-2 को जल्द लॉन्च करने का एलान किया गया है। इधर इस एलान पर राजनीति शुरु हो गई है। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने स्वास्थ्य विभाग के मिसन 60 भाग 2 के जल्द लॉन्च करने की घोषणा को हास्यास्पद बताया है। 

विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि मिशन-60 भाग-1 जब शुरू किया गया तो कहा गया कि 60 दिनों में राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था में आमूल चूल परिवर्तन होगा। लेकिन 227 दिन बीत जाने के बाद भी सरकारी अस्पतालों की दुर्दशा जस की तस बनी हुई है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रस्तावित मिशन 60 भाग 2 में रंग रोगन से लेकर चमक दमक की सभी बात की गई है। लेकिन दवा की उपलब्धता, ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू एवम गंदगी हटाने को लेकर कोई प्रावधान नहीं किया गया है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 मार्च में प्रधान महालेखाकार, बिहार द्वारा राज्य की वदतर स्वास्थ्य सेवा की स्थिति पर प्रतिवेदन जारी किया गया था। रिपोर्ट में कहा गया कि सरकार के भारी निवेश के बावजूद लोगों को वुनियादी चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने में राज्य की स्वास्थ्य सेवाएं कामयाब नहीं हो रही हैं। देश के स्टैंडर्ड की तुलना में राज्य के अस्पतालों में 52% से 92%तक की कमी है। जनसंख्या की तुलना में बेड कम है औऱ10 साल पूर्व बढ़ोतरी की स्वीकृति के बावजूद नही बढ़ाई गईं है। जिला अस्पतालों में ऑपरेशन थिअटर नहीं है। हृदय, लिवर जैसे 12 प्रमुख विमारियों की व्यवस्था उन अस्पतालों में नहीं है। 38 जिला में से मात्र जहानाबाद जिला में आईसीयू है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राज्य सरकार के लिए यह लज्जा की बात है कि 18 वर्षों में स्वास्थ्य सेवा में सुधार नहीं हुआ है। अब सरकार को सचेत होकर प्रयास करना चाहिए ताकि स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार हो सके। सिन्हा ने कहा कि बिहारियों की जिंदगी से खिलवाड़ न करे पांच विभाग रखकर मुख्यमंत्री की लाचारी बेबसी से पांच विभाग में मेवा प्राप्त कर सकते है सेवा नहीं हो सकता हैं। इसलिए 60 दिन की मिशन की बात करना बेईमानी है।

Bihar

Mar 27 2023, 09:58

बड़ी खबर : पटना में बालू माफियाओं के खिलाफ एसआईटी की बड़ी कार्रवाई, कुख्यात सिपाही समेत गिरोह के 5 सदस्यों को हथियार के साथ दबोचा

डेस्क : पटना के बिहटा में आए दिन बालू की कालाबाजारी को लेकर खूनी संघर्ष होते रहते है। बालू माफियाओं पर नकेल कसने के लिए स्पेशल टॉस्क फोर्स बनाया गया है। जिसे एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसआईटी की विशेष टीम व बिहटा पुलिस ने संयुक्त अभियान के दौरान बीते रविवार को कुख्यात बालू माफिया अमरेन्द्र कुमार उर्फ टुनटुन सिपाही को गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथ गिरोह के चार अन्य सदस्य भी पकड़े गए हैं। वहीं इनके पास से रेगुलर राइफल, गोलियां और नगदी के अलावा गाड़ियां भी बरामद हुई है। 

इस बात की जानकारी देते हुए सिटी एसपी वेस्ट ने बताया कि पुख्ता सूचना पर पुलिस की टीम ने आरोपितों को सिकरिया गांव से गिरफ्तार किया है। जिनमें अमरेंद्र कुमार उर्फ टुनटुन सिपाही (नयाटोला, मनेर) के साथ उनके सहयोगी रानीतलाब के बरदा निवासी निरंजन कुमार, बिहटा के अमनाबाद निवासी राजेश कुमार, मनेर खासपुर निवासी अक्षय कुमार और बिहटा के घोड़ाटाप निवासी विनीत कुमार शामिल है। 

उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने एक .315 बोर की रेगुलर राइफल, 32 कारतूस सहित एक लाख दस हजार रुपए भी बरामद किए हैं। एक बोलेरो, बुलेट, दो सोने की चेन और चार मोबाइल फोन जब्त किया गया है। फिलहाल आरोपितों की गिरफ्तारी आर्म्स एक्ट के तहत की गई है।

बता दें बीते वर्ष 2022 के 27 सितंबर को इसी गिरोह ने बिहटा के अमनाबाद में अवैध बालू खनन को लेकर गोलीबारी की थी। गत वर्ष 27 सितंबर की रात वर्चस्व को लेकर अमनाबाद में बालू माफिया सिपाही राय और फौजी गुट में जमकर गोलीबारी शुरू हुई थी। सोन नदी से बालू के अवैध खनन को लेकर शुरू हुआ खूनी खेल 28 सितम्बर की सुबह तक चला था। घायलों में से दोनों पक्ष के पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी। 

वर्चस्व को लेकर हुई गोलीबारी के बाद बालू माफियाओं की गिरफ्तारी में एसटीएफ को भी लगा दिया गया। अबतक दोनों गुटों के कई अपराधी गिरफ्तार किए गए हैं। वहीं, दर्जनों नाव व पोकलेन मशीनें जब्त की गई हैं। सिपाही गुट के कुख्यात अमरेंद्र कुमार उर्फ टुनटुन सिपाही और उसके साथी आरोपित थे। उनके खिलाफ बिहटा थाने में हत्या और अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

Bihar

Mar 27 2023, 09:57

छठ महापर्व का आज तीसरा दिन, छठ व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को देंगे अर्घ्य देंगे

डेस्क : बीते रविवार को खरना प्रसाद ग्रहण करने के बाद छठ महापर्व का 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हुआ। वही आज सोमवार को छठ महापर्व के तीसरे दिन छठ व्रती अस्ताचलगामी सूर्य और मंगलवार को उदयाचल सूर्य को अर्घ्य देंगे। 

रविवार को चैती छठ अनुष्ठान के दूसरे दिन छठ व्रतियों ने श्रद्धा के साथ खरना पूजा की। रविवार शाम छह बजे के बाद केले के पत्ते पर प्रसाद निकाला गया। धूप-दीप के साथ छठी मैया और चंद्रमा की पूजा की गई। पति, संतान और परिजनों के लिए अग्रासन निकालने के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया।

इसके पहले सुबह से ही खरना प्रसाद बनाने और गंगा स्नान के लिए राजधानी के विभिन्न घाटों पर छठ व्रतियों और उनके परिजनों की भीड़ देखने को मिली। छठ गीत गाते हुए व्रतियों ने सुबह गंगा स्नान किया और प्रसाद बनाने के लिए गंगाजल लेकर घर लौटे। दीघा और पटना सिटी के कई घाटों पर लोग प्रसाद के लिए गेहूं धोते और सुखाते दिखे।

छठ महापर्व के तीसरे दिन सोमवार को छठ व्रती अस्ताचलगामी सूर्य और मंगलवार को उदयाचल सूर्य को अर्घ्य देंगे। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार इस बार व्रती आज सोमवार को अस्ताचलगामी सूर्य को उभयचर और बरिष्ठ योग में अर्घ्य देंगे। उनका कहना है कि उभयचर व बरिष्ठ योग सूर्य से बनने वाले शुभ योगों में माना जाता है। 

वहीं कल मंगलवार को उदयाचल सूर्य को अर्घ्य महालक्ष्मी योग में देंगे। इन योगों को विशेष फलदायक माना जाता है।

Bihar

Mar 26 2023, 19:28

पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने डिप्टी सीएम तेजस्वी और जदयू राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह पर साधा निशाना, कही यह बात

डेस्क : बीजेपी के राज्यसभा सांसद व बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी राजद पर हमला बोलने का कोई मौका हाथ से नहीं जाने देने है। वहीं जब से जदयू ने बीजेपी से अलग होकर राजद के साथ सरकार बनाई है। उनके निशाने पर अब सीएम नीतीश कुमार के साथ-साथ जदयू के वरिष्ठ नेता भी है। 

सुशील मोदी ने आज रविवार को प्रेस-वार्ता कर डिप्टी सीएम और जदयू सांसद व राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह पर जमकर निशाना साधा। प्रेस-वार्ता के दौरान सुशील मोदी ने जमीन के बदले रेलवे में नौकरी घोटाला मामले को लेकर डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव पर जमकर हमला बोला। 

उन्होंने तेजस्वी यादव पर तीखे अंदाज में निशाना साधते हुए कहा कि, वो गुर्राने वाले लोग हैं। यह बाहर में शेर की तरह गुर्राते हैं। वहीं सीबीआई के सामने बिल्ली बनकर म्याऊं-म्याऊं करते हैं। उप मुख्यमंत्री बताते क्यों नही देते कि दिल्ली की फ्रेड्स कॉलोनी के 150 करोड़ के मकान के मालिक कैसे बने।

वहीं जदयू पर निशाना साधते हुए सुशील मोदी ने कहा कि ललन सिंह कहते हैं कि देश में इमरजेंसी जैसे हालत है। जदयू सीबीआई की कार्रवाई का विरोध कर रही है। तो वहीं दूसरी तरफ उनके ही द्वारा सीबीआई को नौकरी के बदले जमीन घोटाले के ऐसे पुख्ता सबूत दिए हैं। लालू परिवार को क्या-क्या झेलना पड़ेगा, ये कोई उन्होंने बचना बेहद मुश्किल हैं।

Bihar

Mar 26 2023, 18:38

एसकेएम में आयोजित रामलखन सिंह यादव स्मृति समारोह में शामिल हुए सीएम नीतीश कुमार, किया यह एलान

डेस्क : आज श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में रामलखन सिंह यादव स्मृति समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सीएम नीतीश कुमार समेत कई राजनेता शामिल हुए। इस मौके पर सीएम ने स्वर्गीय रामलखन सिंह यादव के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी। 

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन करने के पश्चात् मुख्यमंत्री ने एलान किया कि प्रत्येक वर्ष 9 मार्च को स्वर्गीय रामलखन सिंह यादव की जयंती को राजकीय समारोह के रूप में मनाया जाएगा। पटना में रामलखन सिंह यादव कॉलेज परिसर में उनकी मूर्ति लगाई जाएगी। इस पर शीघ्र काम किया जाएगा ताकि रामलखन बाबू को लोग हमेशा याद रखें और नई पीढ़ी को उनके बारे में जानकारी मिले।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि रामलखन सिंह यादव स्मृति समारोह का आज आयोजन किया गया है। रामलखन सिंह यादव का जन्म 9 मार्च, 1920 को हुआ था। उन्होंने जो काम किया है उसकी चर्चा कई लोगों ने की है। वे केंद्र सरकार और राज्य सरकार में मंत्री रहे थे और विकास के कई कार्य किए थे। वे हमें काफी मानते थे। 

रामलखन बाबू आजादी की लड़ाई लड़े थे। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में काफी काम किया, कई स्कूलों और कॉलेजों का निर्माण कराया। उन्होंने समाज के सभी वर्ग के लोगों को पढ़ने के लिए प्रेरित किया। वे चाहते थे कि सभी लोगों तक शिक्षा पहुंचे। मेरा जन्म बख्तियारपुर में हुआ है। मेरे पिताजी स्वतंत्रता सेनानी थे और बख्तियारपुर में स्कूल का निर्माण कराया था, साथ ही कॉलेज का निर्माण कराना चाहते थे। इसी दौरान राम लखन बाबू ने बख्तियारपुर में कॉलेज का निर्माण कराया। हम अक्सर जाकर उस कॉलेज को देखते रहते हैं। 

सीएम ने कहा कि रामलखन बाबू ने पटना, पालीगंज, बख्तियारपुर, गया, जहानाबाद, औरंगाबाद सहित कई जगहों में कॉलेज का निर्माण कराया। बिहार के किसी नेता ने इतने बड़े पैमाने पर कॉलेज नहीं बनवाया है। रामलखन बाबू के पुत्र प्रकाशचंद्र बख्तियारपुर से सांसद थे। उनके बाद बख्तियारपुर से हम सांसद बने। इनसे भी मेरा व्यक्तिगत संबंध है। रामलखन बाबू के पौत्र जयवर्धन यादव विधायक रहते हुए अपने क्षेत्र में काफी काम किए। वे काफी मेहनती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोग शिक्षा के क्षेत्र में लगातार काम कर रहे हैं। लड़कियों के लिए साइकिल योजना और पोशाक योजना चलाई गई। 22 हजार स्कूल के भवनों का निर्माण करवाया गया। अनुसूचित जाति-जनजाति समाज के जो बच्चे पहले स्कूल नहीं जा पाते थे, उन्हें स्कूल पहुंचाया गया। बड़ी संख्या में शिक्षकों की बहाली की गई। अब स्कूलों में पढ़नेवाली लड़कियों की संख्या लड़कों के बराबर हो गई है। बड़े पैमाने पर शिक्षकों की और बहाली की जाएगी। सभी जिलों में इंजीनियरिंग कॉलेज खोला गया। मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रामलखन बाबू को याद रखना है। वे अपने हित में नहीं बल्कि लोगों के हित के लिए हमेशा काम करते रहें।

रामलखन सिंह यादव स्मृति समारोह के आयोजन के लिए मैं आयोजकों को धन्यवाद देता हूं और आप सभी इतनी बड़ी संख्या में उपस्थित हैं, मैं सभी लोगों का अभिनंदन करता हूं। कार्यक्रम में रामलखन सिंह यादव स्मृति मंच के लोगों एवं स्वर्गीय रामलखन सिंह यादव के परिवारजनों द्वारा मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ एवं अंग वस्त्र भेंटकर स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने डॉ० रघुवर प्रसाद द्वारा लिखी पुस्तक 'रामलखन सिंह यादव - व्यक्तित्व एवं कृतित्व का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने 'दूसरा मत' पत्रिका का भी विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने 'चलो चलें कलम की ओर अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय रामलखन - सिंह यादव के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शित की गई।

कार्यक्रम को सांसद रामकृपाल यादव, विधायक भाई वीरेंद्र, विधान पार्षद गुलाम गौस, पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू, मिथिला कला के क्षेत्र में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित डॉ० भारती दयाल, स्वर्गीय रामलखन सिंह यादव के पौत्र एवं पूर्व विधायक जयवर्धन यादव, पूर्व विधायक विजेंद्र यादव, पटना सदर के पूर्व प्रमुख एवं स्वर्गीय रामलखन सिंह यादव के नजदीकी मित्र यमुना प्रसाद यादव, रामलखन सिंह यादव की पौत्री शुभ लक्ष्मी, रामलखन सिंह यादव स्मृति मंच के अध्यक्ष रविरंजन, रामलखन सिंह यादव स्मृति मंच के उपाध्यक्ष शौकत अली रिजवी, रामलखन सिंह यादव स्मृति मंच के संयोजक इंजीनियर पप्पू यादव एवं महासचिव राजेश रंजन ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में स्वर्गीय रामलखन सिंह यादव के पुत्र एवं पूर्व सांसद प्रकाशचंद्र, पूर्व विधान पार्षद लालदास राय सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Bihar

Mar 26 2023, 15:55

केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का राहुल गांधी और कांग्रेस पर बड़ा हमला, पटना में बोले-नाखून काट कर शहीद होना कोई कांग्रेसियों से सीखें

डेस्क : कोर्ट द्वारा दो साल की सजा सुनाए जाने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्या रद्द होने के बाद राजनीति चरम पर है। कांग्रेस और विपक्षी दल इसे केन्द्र के इसारे पर की गई कार्रवाई बता रही है और इसके लिए कांग्रेस की ओर से प्रदर्शन और सत्याग्रह का दौर भी शुरु हो गया है।  

इधर इस पूरे मामले पर बीजेपी के फायर ब्रांड नेता व केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है। आज रविवार को पटना में गिरिराज सिंह ने प्रेंस-वार्ता का आयोजन कर राहुल गांधी और कांग्रेसियों पर जमकर निशाना साधा।

गिरिराज सिंह ने कांग्रेस के सत्याग्रह के सवाल पर कहा कि, नाखून काट कर शहीद होना कोई कांग्रेसियों से सीखें। उनके द्वारा किया जाने वाला सत्याग्रह पिछड़े समाज को गाली देने का अधिकार पाने के लिए है।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेसी सत्याग्रह का नेतृत्व नरसंहार में सबसे बड़ा योगदान देने के वाला जगदीश टाइटलर कर रहे है। जिन्होंने दिल्ली में सिखों की हत्या की थी। इस सत्याग्रह से कांग्रेस किसकी सहानुभूति पाना चाहती हैं! क्या अतिपिछड़ों को गाली देने का सहानुभूति लेंगे, या सिखों की हत्या करने का?

वहीं ट्विटर पर राहुल गांधी द्वारा खुद को डिसक्वालिफाइड कहे जाने पर गिरिराज सिंह ने कहा कि कुछ दिनों पहले उन्होंने खुद कहा था कि दुभाग्य है कि मैं सांसद हूं। जब वो खुद ही बोल रहें है तो हम क्या बोलें। वहीं राहुल गांधी के सावरकर वाले बयान पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, सावरकर बनने में राहुल गांधी को कई जन्म लेने पड़ेंगे। 

 

इसके साथ ही राहुल गांधी के सदस्यता जाने के मामले में नीतीश द्वारा चुप्पी साधने पर गिरीराज सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार अपने पैर पर अपने कुलहारी मारेंगे, वह तो खुश हो रहे हैं की राहुल के जाने के बाद प्रधानमंत्री के पद के लिए उनका मौका आएगा।

Bihar

Mar 26 2023, 13:27

अब पटना से देवघर के लिए विमान सेवा शुरु, पटना एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले विमान का शिड्यूल जारी, जानिए पूरा डिटेल

डेस्क : राजधानी पटना से अब देवघर के लिए फ्लाइट सेवा शुरु हो गई है। पटना एयरपोर्ट से उड़ान भरने और उतरने वाले विमानों का नया शेड्यूल आज 26 मार्च से प्रभावी हो गया है। नये ग्रीष्मकालीन शेड्यूल में देवघर पटना देवघर सेक्टर में नई विमान सेवा शुरू की गई है। शेड्यूल के मुताबिक देवघर से इंडिगो का 72 सीटों वाला विमान दिन में 11.15 बजे उड़ान भरेगा और पटना में दोपहर 12.15 बजे लैंड करेगा। पटना से वापसी के क्रम में यह विमान संख्या 6ई 7945 बनकर 12.35 बजे उड़ान भरेगा और 1.35 बजे देवघर एयरपोर्ट पर पहुंच जाएगा। 

इस विमान का आरंभिक किराया 2960 रुपये रखा गया है। इस रूट पर सेवा हफ्ते में चार दिन सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को उपलब्ध होगी। 26 मार्च से इस रूट पर विमानों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। बाबा भक्तों के दर्शन करने के लिये जाने वाले यात्रियों को इस विमान के शुरू होने से काफी सुविधा होगी। इस विमान में शुक्रवार से ही पहले दिन की उड़ान के लिये बुकिंग शुरू हो गई है।

नये शेड्यूल के मुताबिक पटना में 7.55 बजे बेंगलुरु से पहली फ्लाइट आएगी जबकि पटना से पहला विमान सुबह आठ बजकर 30 मिनट पर बेंगलुरु के लिये उड़ान भरेगा। दिल्ली से पटना आने के लिये पहली फ्लाइट सुबह आठ बजकर पांच मिनट पर आएगी, वहीं पटना से दिल्ली के लिये पहली फ्लाइट सुबह 8.40 बजे उड़ान भरेगी। पटना से उड़ान भरने वाली आखिरी फ्लाइट इंडिगो की रात 9.30 बजे होगी। यह फ्लाइट दिल्ली के लिये जाएगी। जबकि पटना में आने वाली आखिरी फ्लाइट रात नौ बजे होगी।